संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: उत्तराखंड के केदारताल में ट्रेकिंग के दौरान आए भीषण बर्फीले तूफान में जान गंवाने वाले बांकुड़ा के चार युवकों और एक लापता युवक के परिजनों की मदद के लिए राज्य सरकार आगे आई है। सरकार की ओर से प्रत्येक प्रभावित परिवार को एकमुश्त 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री के विशेष प्रतिनिधि और राज्य के मंत्री खुदीराम टुडू ने बुधवार को शोक संतप्त परिवारों को सहायता राशि के चेक सौंपे। इस दौरान बांकुड़ा के जिलाधिकारी अनीश दासगुप्ता सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
परिजनों को मिला ढांढस, मुख्यमंत्री करेंगे मुलाकात
अपनों को खोने के गम में डूबे परिजनों ने बताया कि प्रशासन ने उन्हें आश्वासन दिया है कि पुरुलिया दौरे के दौरान मुख्यमंत्री खुद उनसे मुलाकात करेंगे। परिजनों का कहना है कि सरकार और प्रशासन के इस संवेदनशील और मानवीय कदम से उन्हें इस भारी संकट के बीच कुछ ढांढस बंधा है।
'हरसंभव मदद के लिए प्रशासन तैयार'
जिलाधिकारी अनीश दासगुप्ता ने इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, 'राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह से इन परिवारों के साथ खड़े हैं। भविष्य में भी इन्हें हरसंभव सहयोग और सहायता प्रदान की जाती रहेगी।'