बांकुड़ा: दुर्गा पूजा के मौके पर ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) ने बांकुड़ा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का त्रिस्तरीय घेरा तैयार किया है। महाषष्ठी पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों की बोगियों में सघन चेकिंग की गई। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पूरे स्टेशन क्षेत्र पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुख्यालय से बुलाई गई क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।