एसपी ऑफिस के सामने पुलिस अधिकारियों से बात करते अब्दुल हाफिज 
आसनसोल

CJP कार्यकर्ता अब्दुल हाफिज एसपी कार्यालय पहुंचे, समय पर चार्जशीट दाखिल करने की मांग

बोले- 'सरकारी मदद मिले या न मिले, पिता के नाम पर जरूर बनेगा स्कूल'

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता अब्दुल हाफिज अपने पिता शेख माफिक की हत्या के मामले में समय पर चार्जशीट दाखिल करने की मांग को लेकर बांकुड़ा पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पिता की हत्या के लिए न्याय की गुहार लगाने के साथ ही उनके नाम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्कूल बनाने के अपने संकल्प को भी दोहराया।

ज्ञात हो कि बीते 13 अगस्त को इंदास थाने के करिशुंडा गांव स्थित CJP नेता अब्दुल हाफिज के घर पर बदमाशों के एक दल ने हमला बोल दिया था। इस दौरान उनके पिता शेख माफिक के साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 15 अगस्त की रात बर्दवान मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शेख माफिक की मौत हो गई थी, जिसके बाद पार्टी ने जोरदार आंदोलन शुरू कर दिया था।

परिवार और पार्टी ने हमलावरों की गिरफ्तारी के साथ-साथ दिवंगत शेख माफिक के नाम पर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्कूल बनाने की मांग उठाई थी। इस मामले में पुलिस ने लगभग सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के 90 दिनों के भीतर पुलिस चार्जशीट दाखिल करे, इसी मांग को लेकर अब्दुल हाफिज कुछ कार्यकर्ताओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे थे।

सोमवार सुबह से ही एसपी कार्यालय के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे अब्दुल हाफिज ने सहयोगियों के साथ उच्च पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर लिखित मांग पत्र सौंपा।

अब्दुल हाफिज ने कहा, 'लगभग सभी अभियुक्त गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन पूर्ण न्याय के लिए समय पर चार्जशीट दाखिल होना जरूरी है।' उन्होंने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्कूल बनाने के मामले में सरकार की ओर से अभी तक कोई पहल नहीं हुई है, लेकिन उनका यह प्रयास नहीं रुकेगा। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले दिनों में जनसहयोग से ही उस स्कूल का निर्माण किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT