बांकुड़ा : सोनामुखी थाना व नगरपालिका अंतर्गत आदाब बाजार इलाके में एक निर्माणाधीन डंपिंग ग्राउंड में प्रमोटर का शव फंदे से लटकता मिला। मृतक का नाम उत्तम चक्रवर्ती (60) है। शव चहारदीवारी के लोहे के रॉड से लटक रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, परिजनों ने इसे सीधे तौर पर हत्या का मामला करार दिया है।
मजदूर काम पर पहुंचे तो देखा लटकता शव
आदाब बाजार इलाके में नगरपालिका की ओर से कई करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक डंपिंग ग्राउंड का निर्माण कराया जा रहा है। इस पूरे प्रोजेक्ट का ठेका प्रमोटर उत्तम चक्रवर्ती के पास था। सुबह जब रोजाना की तरह मजदूर साइट पर काम करने पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए। डंपिंग ग्राउंड की चहारदीवारी पर लगी लोहे की रॉड से उत्तम चक्रवर्ती का शव लटक रहा था। मजदूरों ने तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी।
'चाचा आत्महत्या क्यों करेंगे? शरीर पर कीचड़ था, मर्डर हुआ है'
परिजनों ने आत्महत्या के थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया है। मृतक के भतीजे सौमेन चक्रवर्ती ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके चाचा किसी भी हाल में खुदकुशी नहीं कर सकते, इसकी कोई वजह ही नहीं थी। उनके पूरे शरीर और चेहरे पर कीचड़ लगा हुआ था। साफ जाहिर है कि पहले उनके साथ कुछ गलत किया गया और फिर शव को फंदे पर लटका दिया गया। हमें पूरा शक है कि उनकी हत्या की गई है।
जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सोनामुखी थाना की पुलिस ने कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस कारोबारी रंजिश, लेन-देन और पारिवारिक पहलुओं सहित सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।