मां काली की प्रतिमा की शोभायात्रा में भक्तों की भीड़ 
आसनसोल

सोनामुखी में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ मां काली की प्रतिमाओं का विसर्जन

शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा : काली-कार्तिक के शहर के रूप में प्रसिद्ध सोनामुखी में काली पूजा का समापन बेहद भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतिमा विसर्जन को लेकर निकली शोभायात्रा के दौरान पूरा नगर और आसपास के ग्रामीण इलाके भक्तिमय रंग में डूब गए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग के लोगों ने इस ऐतिहासिक उत्सव में बढ़-चढ़कर अपनी हिस्सेदारी दर्ज कराई।

दोपहर बाद से ही सोनामुखी में विसर्जन शोभायात्रा की शुरुआत हो गई। रथतला से लेकर चौरास्ता तक पूरा शहर रोशनी, ढोल की थाप और "जय मां काली" के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। विभिन्न पूजा समितियों ने अपनी-अपनी भव्य प्रतिमाओं के साथ मुख्य केंद्र चौमाथा पर पहुंचकर खुसी का इजहार किया।

शाही अंदाज में सजी थीं प्रतिमाएं

विसर्जन के लिए मां काली की प्रतिमाओं को बेहद अलौकिक और शाही रूप में सजाया गया था। सुनहरे मुकुट, चांदी के चमचमाते आभूषण, लाल-पीले फूलों की माला और आकर्षक लाइटिंग ने चार चांद लगा दिए थे। शोभायात्रा में सबसे आगे बड़ी काली की प्रतिमा थी, जिसके बाद कर्मकार पाड़ा शिव दुर्गा और माई-तो-काली समेत कुल 21 प्रतिमाएं एक के बाद एक शामिल हुईं। जुलूस में आगे ढोल-गाजे और पीछे हज़ारों की संख्या में मौजूद भक्त झूमते-गाते चल रहे थे।

इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए केवल सोनामुखी शहर ही नहीं, बल्कि आमचुड़ा, पांचाल, बलरामपुर, पाथरमोड़ा, महेशपुर, रामपुर, धुलाई और नफरडांगा जैसे दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से भी भारी भीड़ उमड़ी।

ड्रोन से रही कड़ी नजर

भव्य शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। पूरे शहर को सुरक्षा के कड़े घेरे में रखा गया था। रथतला और चौरास्ता पर भारी पुलिस बल तैनात होने के साथ-साथ आसमान से ड्रोन कैमरों द्वारा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई। महिला पुलिस, ट्रैफिक अमले और सिविक वालंटियर्स ने व्यवस्था संभालने में अहम भूमिका निभाई।

नम आंखों से हुई विदाई

आखिरकार दशेरपुकुर में एक-एक कर सभी प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न हुआ। पानी में उतरकर भक्तों ने नम आंखों से मां को अंतिम विदाई दी और सब के मुंह से बस यही पुकार निकली— 'मां, अगले साल फिर जल्दी आना।' स्थानीय निवासी अशोक लोहार ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और इस भव्य आयोजन की जमकर सराहना की। अंततः बिना किसी अप्रिय घटना के सोनामुखी का यह महापर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

SCROLL FOR NEXT