संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: 'काली-कार्तिक की नगरी' के नाम से विख्यात ऐतिहासिक सोनामुखी शहर में कार्तिक प्रतिमा विसर्जन के साथ ही कई दिनों से चला आ रहा उत्सव संपन्न हो गया। विसर्जन के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्निवल में आस्था और उत्साह का ऐसा संगम देखने को मिला कि पूरा शहर भक्ति के रंग में रंग गया। बच्चों और युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई इस पारंपरिक विसर्जन समारोह के उल्लास में झूमता नजर आया।
सोनामुखी में दुर्गा पूजा की तुलना में काली पूजा और कार्तिक पूजा का विशेष महात्म्य है। काली पूजा के विसर्जन का उत्साह अभी थमा भी नहीं था कि कार्तिक प्रतिमा विसर्जन को लेकर शहर की सड़कों पर उत्सव का माहौल बन गया। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत प्रशासन से मान्यता प्राप्त कुल 19 पंजीकृत पूजा कमेटियों ने इसमें भाग लिया। निर्धारित समय सारिणी के अनुसार, सभी आयोजक अपनी-अपनी प्रतिमाओं और आकर्षक झांकियों के साथ शहर के मुख्य केंद्र 'चौमाथा' पहुंचे, जहां से नाचते-गाते हुए भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई।
इस आलौकिक दृश्य के साक्षी बनने के लिए सोनामुखी ब्लॉक के दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों और सीमावर्ती क्षेत्रों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। हालांकि, स्थानीय परंपरा के अनुसार होने वाली पारंपरिक आतिशबाजी इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में थोड़ी सीमित रही, फिर भी श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
विसर्जन यात्रा के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बांकुड़ा जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखा। संवेदनशील स्थलों और मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए पुलिस ने पूरे शहर में ड्रोन कैमरों से हवाई निगरानी की। प्रशासन की सतर्कता के चलते पूरा विसर्जन समारोह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।