स्टाल के सामने पुलिस और एसएफआई समर्थक 
आसनसोल

बांकुड़ा में एसएफआई बुक स्टॉल पर हमला, पूर्व मंत्री से धक्का-मुक्की

माकपा ने लगाया भाजपा-आरएसएस पर आरोप

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: बांकुड़ा शहर में काली पूजा के अवसर पर लगाए गए SFI के बुक स्टॉल पर कथित तौर पर हमला करने और विरोध करने पर पूर्व मंत्री व माकपा की जिला सचिव देवलीना हेम्ब्रम के साथ धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से इलाके में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। एसएफआई कार्यकर्ताओं ने इस पूरी घटना के पीछे भाजपा और आरएसएस का हाथ होने का गंभीर आरोप लगाया है।

सूचना मिलते ही बांकुड़ा सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

किताबों और दिवंगत नेता की तस्वीर को सड़क पर फेंका

जानकारी के अनुसार, बांकुड़ा शहर के स्कूलडांगा इलाके में स्थित माकपा जिला कार्यालय के सामने SFI की ओर से काली पूजा के उपलक्ष्य में एक बुक स्टॉल लगाया गया है। आरोप है कि सोमवार दोपहर कुछ युवक अचानक वहां पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। उपद्रवियों ने स्टॉल पर रखी किताबें और एसएफआई के दिवंगत नेता सुदीप्त गुप्ता की तस्वीर को उठाकर सड़क पर फेंक दिया।

विरोध करने पर पूर्व मंत्री से बदसलूकी, मोबाइल तोड़ा

शोर-शराबा सुनकर राज्य की पूर्व मंत्री और माकपा की बांकुड़ा जिला सचिव देवलीना हेम्ब्रम पार्टी कार्यालय से बाहर आईं और मौके पर पहुंचकर हमलावरों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की। इतना ही नहीं, उनका मोबाइल फोन भी छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह पूरी तरह टूट गया।

एसएफआई कर्मी अशोक नंदी ने कहा कि हम लोग स्टॉल पर बैठे थे, तभी दो युवक आए और पूछने लगे कि स्टॉल में किस तरह की किताबें हैं। इसके बाद उन्होंने चेतावनी दी कि ये सब किताबें यहां नहीं चलेंगी। इससे पहले कि हम कुछ समझ पाते, उन्होंने स्टॉल पर हमला कर दिया और किताबें व हमारे नेता की तस्वीर सड़क पर फेंक दी। जब हमारी नेत्री देवलीना हेम्ब्रम बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो हमलावरों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के पीछे भाजपा और आरएसएस का हाथ है। पूर्व मंत्री देवलीना हेम्ब्रम ने कहा कि हर साल कालीपूजा पर शहर के कॉलेज मोड़ पर SFI की तरफ से बुक स्टॉल लगाया जाता रहा है। इस बार कॉलेज मोड़ पर प्रशासनिक अनुमति नहीं मिलने के कारण माकपा कार्यालय के सामने स्टॉल लगाया गया। आज दोपहर कुछ लोग आए और 'भाजपा की सरकार है, स्टॉल अभी के अभी हटाना होगा' कहते हुए उपद्रव मचाने लगे।

भाजपा ने नकारे आरोप दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के एक स्थानीय नेता ने सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे निराधार बताते हुए कहा कि बुक स्टॉल पर किसी तरह का कोई हमला नहीं हुआ है और यह सिर्फ भाजपा को बदनाम करने की एक साजिश है। भाजपा नेता ने कहा कि तृणमूल और माकपा अपनी जमीन खो चुकी हैं, इसलिए सत्ता में बैठी भाजपा पर इस तरह के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT