बांकुड़ा: बार-बार आवेदन करने के बाद भी अन्नपूर्णा योजना का लाभ न मिलने से नाराज महिलाओं का सब्र टूट गया। शुक्रवार को बांकुड़ा जिले के रानीबांध में सैकड़ों महिलाओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने रानीबांध ब्लॉक मोड़ के पास बांकुड़ा-झिलिमिली राज्य राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे कुछ क्षण के लिए यातायात बाधित हो गया।
सेवा सेतु शिविर में नहीं हुआ काम, BDO के जवाब से भड़कीं
जानकारी के मुताबिक, राज्यभर की तरह रानीबांध ब्लॉक में भी सरकारी ‘सेवा सेतु अभियान’ शिविर लगाया गया था। बड़ी संख्या में वंचित महिलाएं इस उम्मीद से पहुंची थीं कि उनकी समस्या का समाधान होगा। शिविर में पहुंचने पर जब उन्हें बताया गया कि यहां अन्नपूर्णा योजना से संबंधित कोई काम नहीं हो रहा है, तो वे सीधे प्रखंड विकास अधिकारी (BDO) के दफ्तर पहुंचीं। आरोप है कि वहां से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिससे महिलाएं भड़क गईं और ब्लॉक मोड़ पर आकर सड़क जाम कर दी।
महिलाओं ने कहा- सिर्फ चक्कर कटवा रहे
प्रदर्शन में शामिल टुम्पा खां, अनिमा मंडल और सिउली खां ने कहा कि बीते चार महीनों में हम चार से पांच बार फॉर्म भर चुके हैं, लेकिन आज तक योजना का लाभ नहीं मिला। दफ्तरों और कैंपों के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं। अगर सरकार को लाभ नहीं देना है, तो इस योजना को सभी के लिए पूरी तरह बंद कर देना चाहिए।
राजमार्ग जाम होने की सूचना मिलते ही रानीबांध थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से बातचीत की और उचित कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत कराया। करीब 5 मिनट के बाद जाम हटाया गया और मार्ग पर वाहनों की आवाजाही दोबारा सामान्य हो सकी।