संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: साइबर अपराधों पर नकेल कसने और जांच को हाई-टेक बनाने के लिए पुलिस महकमे ने कमर कस ली है। पश्चिम बंगाल पुलिस के साइबर क्राइम विंग के सहयोग से बांकुड़ा में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें बांकुड़ा और पुरुलिया के साइबर नोडल अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
उद्घाटन सत्र में बांकुड़ा रेंज के डीआईजी अभिषेक मोदी, बांकुड़ा एसपी पी वी जी सतीश समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
डिजिटल टूल्स की दी गई ट्रेनिंग
दो दिन चली इस कार्यशाला में जांच अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों, उन्नत डिजिटल उपकरणों और साइबर केस सुलझाने के नए तौर-तरीकों की बारीकियां सिखाई गईं। जांच की रफ्तार और सटीकता बढ़ाने के लिए बांकुड़ा जिला पुलिस के जांच अधिकारियों को ओपन सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT) टूल्स का जरूरी एक्सेस भी दिया गया है।
बढ़ते साइबर मामलों के बीच बड़ा कदम
एसपी पी वी जी सतीश ने कहा कि साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब पारंपरिक तरीकों के साथ आधुनिक तकनीक का सटीक इस्तेमाल बेहद जरूरी हो गया है। इस पहल का मकसद अधिकारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाना, डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण को मजबूत करना और अपराधियों के खिलाफ वैज्ञानिक जांच प्रणाली तैयार करना है।