संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: महंगाई और मुनाफाखोरी की मार झेल रही जनता को राहत दिलाने के लिए बांकुड़ा जिला पुलिस एवं प्रशासन बुधवार को एक्शन मोड में नजर आया। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ दैनिक हाट और प्रमुख बाजारों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रोजमर्रा की जरूरी खाद्य सामग्री खासकर चीनी, सरसों तेल, हरी सब्जियां, मछली और चिकन-मटन के दामों और स्टॉक रजिस्टर की बारीकी से पड़ताल की गई।
अभियान में क्या हुआ?
पुलिस अधिकारियों ने खुदरा और थोक व्यापारियों की दुकानों पर जाकर बिक्री मूल्य और गोदामों में रखे स्टॉक का मिलान किया।
कई व्यापारियों से मौजूदा दरों को लेकर पूछताछ की गई और साफ कहा गया कि तय भाव से एक भी रुपया अधिक वसूला तो सीधी कार्रवाई होगी। चेतावनी दी कि सामान रोककर कृत्रिम अभाव पैदा करने वाले जमाखोरों को बख्शा नहीं जाएगा।
आम जनता के हक की रक्षा प्राथमिकता
बांकुड़ा के डीएसपी(डी एंड टी) अरुणाभ दास ने कहा,"बाजार में खाद्य पदार्थों की कीमतें स्थिर रहें और आम नागरिकों को उचित दर पर जरूरी सामान मिले, यही इस अभियान का मुख्य मकसद है। कालाबाजारी और अवैध मुनाफाखोरी को रोकने के लिए भविष्य में भी ऐसे औचक छापे जारी रहेंगे।"