संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बांकुड़ा : बांकुड़ा शहर स्थित विधायक नीलाद्रि शेखर दाना का पुराना और परित्यक्त कार्यालय अचानक भरभराकर ढह गया। विधायक ने इस हादसे के पीछे लगातार हो रही बारिश और चूहों द्वारा नींव को खोखला किए जाने को मुख्य कारण बताया है। उल्लेखनीय है कि बांकुड़ा के भैरव स्थान इलाके में नीलाद्रि शेखर दाना की रेडीमेड कपड़ों की एक पुरानी दुकान थी। बाद में उन्होंने दुकान बंद कर इसे कार्यालय बना दिया था। वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में दोबारा निर्वाचित होने के बाद विधायक ने अपना कार्यालय उसी इलाके के एक अन्य मकान में स्थानांतरित कर दिया। इसके बाद से ही भैरव स्थान स्थित पुराना कार्यालय पूरी तरह खाली और परित्यक्त पड़ा था। शनिवार सुबह परित्यक्त कार्यालय अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। विधायक नीलाद्रि शेखर दाना ने कहा कि करीब 45 वर्षों तक इस कार्यालय से उन्होंने जनता की सेवा की है। लगातार हो रही भारी बारिश और दूसरी तरफ चूहों के अत्याचार ने इमारत की नींव को बुरी तरह कमजोर कर दिया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हादसे के समय इमारत के खाली होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ है।