संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बांकुड़ा की टीम ने शुक्रवार को मुस्तैदी दिखाते हुए स्टेशन परिसर से चार नाबालिग लड़कों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। सभी बच्चे परिजनों को बिना बताए घर से भाग आए थे। यह कार्रवाई आरपीएफ के विशेष अभियान ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत की गई।
शुक्रवार दोपहर करीब 12:10 बजे RPF बांकुड़ा पोस्ट प्रभारी के निर्देश पर स्टेशन पर रूटीन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय के पास चार बच्चे भटकते हुए दिखाई दिए। संदेह होने पर एएसआई ओएन मिश्रा, एएसआई मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल रमेश कुमार और आरके प्रजापति की टीम ने बच्चों को रोककर प्यार से पूछताछ की।
पूछताछ में बच्चों ने कबूला कि वे घर पर बिना किसी को बताए चुपचाप निकल आए थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ ने जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के नियमों के तहत बच्चों को रेस्क्यू कर पोस्ट पर सुरक्षित बैठाया। इसके बाद बांकुड़ा सम्मेलनी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (BSMCH) में सभी का मेडिकल चेकअप कराया गया। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद चारों बच्चों को काउंसलिंग और आगे की कार्रवाई के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन बांकुड़ा को सौंप दिया गया।