संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा : बांकुड़ा शहर में काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के बाद एक युवक की हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज घटना शुक्रवार रात बांकुड़ा शहर के लोकपुर इलाके में घटी। मृतक का नाम आदित्य भगत है। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार (चाकू) से कई वार के निशान मिले हैं। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बांकुड़ा के लोकपुर भगत पाड़ा निवासी आदित्य भगत काम के सिलसिले में कल्याणी में रहते थे। काली पूजा और छठ पूजा के अवसर पर वह हाल ही में अपने घर बांकुड़ा आए हुए थे। शुक्रवार शाम लोकपुर के ही एक दोस्त ने उन्हें काली प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। इस आमंत्रण पर आदित्य रात में लोकपुर इलाके में निकाली गई एक काली प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा में शामिल हुए थे।
आरोप है कि शोभायात्रा के दौरान लोकपुर के ही एक अन्य युवक के साथ आदित्य की किसी बात पर तीखी बहस हो गई थी। हालांकि, उस समय स्थानीय लोगों की मध्यस्थता से मामला शांत हो गया था और विवाद वहीं सुलझ गया था। लेकिन जब आदित्य घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक सुनसान गली में उस युवक ने उन पर धारदार हथियार से अचानक हमला बोल दिया।
अचानक हुए इस हमले में आदित्य के शरीर पर कई जगह चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें नजदीकी बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बांकुड़ा सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस वारदात की गहन जांच शुरू कर दी है।