संजय सन्मार्ग संवाददाता
बांकुड़ा: कोतुलपुर के व्यस्त नेताजी मोड़ पर शनिवार दोपहर सत्ता की हनक दिखाकर हुड़दंग मचाने का मामला सामने आया है। दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने न सिर्फ आम यात्रियों का रास्ता रोका, बल्कि खुद को ‘मुख्यमंत्री का आदमी’ बताकर बस यूनियन कर्मचारियों और ड्यूटी पर तैनात सिविक वॉलंटियर को खुलेआम धमकाया। हंगामे की सूचना पर पहुंची कोतुलपुर थाना की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को मौके से हिरासत में ले लिया, जबकि उनके दो साथी फरार होने में कामयाब रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर के वक्त चार युवक दो बाइकों पर सवार होकर नेताजी मोड़ पहुंचे। उन्होंने बस स्टैंड के पास ही अपनी बाइकें बेतरतीब ढंग से खड़ी कर दीं। इससे यात्रियों और बसों की आवाजाही पूरी तरह बाधित होने लगी। बस यूनियन के एक कर्मचारी ने जब उनसे बाइक साइड में लगाने का अनुरोध किया, तो युवक भड़क उठे और गाली-गलौज करने लगे।
रौब झाड़ते हुए बोले— ‘हम सीएम के करीबी हैं’
विवाद बढ़ता देख ड्यूटी पर तैनात सिविक वॉलंटियर बीच-बचाव के लिए पहुंचा। उसने युवकों से शांति बनाए रखने और गाड़ियां हटाने को कहा। इस पर युवक और ज्यादा आक्रामक हो गए। उन्होंने खुद को मुख्यमंत्री का करीबी बताते हुए रौब झाड़ना शुरू कर दिया और सिविक वॉलंटियर को अंजाम भुगतने की सीधी धमकी दे डाली।
स्थानीय निवासी बाबूलाल खां और अशरफ मल्लिक ने बताया कि चारों युवक संभवतः नशे में पूरी तरह धुत थे और सड़क पर किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। युवकों की दबंगई से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
हालात बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत कोतुलपुर थाने को सूचना दी। पुलिस बल के पहुंचते ही दो युवक भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि मौके पर मौजूद दो अन्य युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने ला जानकारी हासिल करने में जुट गई है।