जांच करती पुलिस 
आसनसोल

दुर्गा पूजा पर बेटी के घर आई थी वृद्धा, खेत में मिली सड़ी-गली लाश

नवमी को पंडाल में खिचड़ी खाने निकली थी

Sanjay Singh

बांकुड़ा: दुर्गा पूजा की नवमी से लापता 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का खातड़ा बाजार से सटे चुआकानाली इलाके के एक धान के खेत से उनका सड़ा-गला शव मिला। मृतका की पहचान इंदपुर थाना क्षेत्र के पायराचाली निवासी प्रतिमा बागदी के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, प्रतिमा बागदी दुर्गा पूजा मनाने के लिए खातड़ा के राजापाड़ा स्थित अपनी छोटी बेटी के घर आई हुई थीं। नवमी की दोपहर वह पास के दुर्गा पंडाल में खिचड़ी का प्रसाद लेने गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। खोजबीन के बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लोकनाथ मंदिर के पास धान के खेत से भारी बदबू आने पर ग्रामीणों ने देखा, तो वहां सड़ा-गला शव पड़ा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से शिनाख्त कराई।

दामाद बोले- सास बिल्कुल स्वस्थ थीं, खेत तक कैसे पहुंचीं पता नहीं

मृतका के दामाद प्रभास बागदी ने बताया, 'सास पूजा से कुछ दिन पहले ही हमारे घर आई थीं। नवमी के दिन वह पंडाल में खिचड़ी खाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन लौटकर नहीं आईं। वह शारीरिक रूप से पूरी तरह ठीक थीं। वह उस सुनसान खेत तक कैसे पहुंचीं, यह हमारी समझ से परे है।'

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

खातड़ा थाना की पुलिस ने शव को बांकुड़ा सम्मेलिनी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT