पीड़ित को प्रतीकात्मक चेक सौंपती पुलिस 
आसनसोल

साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, 8 अपराधी गिरफ्तार

बांकुड़ा जिला पुलिस पीड़ितों के खातों में 12.73 लाख रुपये लौटाने में सफल

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: साइबर अपराधियों के खिलाफ बांकुड़ा जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग थानों और साइबर क्राइम टीम के अभियानों में कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, 1 से 21 नवंबर के बीच पुलिस ने पीड़ितों के 12,73,843.04 रुपए बरामद कर उनके बैंक खातों में वापस कराए हैं।

किस मामले में कहां से हुई गिरफ्तारी

सालतोड़ा थाना की पुलिस ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी में एक व्यक्ति से 2 लाख रुपए ठगने के मामले में बीरभूम के बोलपुर से 59 वर्षीय एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। इसके अलावा सालतोड़ा पुलिस ने एक अन्य अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया है।

वहीं बेलियातोड़ के रामहरिपुर गांव के एक व्यक्ति को मोबाइल टावर लगवाने का झांसा देकर 1,19,920 रुपए ठगने वाले अभियुक्त को बेलियातोड़ थाना की पुलिस कोलकाता के मध्यमग्राम से गिरफ्तार किया ।

साइबर अपराध के मामले में साइबर क्राइम थाने की टीम ने बारिकुल और सिमलापाल क्षेत्रों के विभिन्न स्थानों से 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

बिष्णुपुर थाना की पुलिस की कार्रवाई में साइबर धोखाधड़ी के आरोप में 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, इन मामलों में जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है और ठगी की रकम के लेन-देन का ट्रेल खंगाला जा रहा है।

खातों में लौटी 12.73 लाख से ज्यादा की रकम

जिला पुलिस की सक्रियता से 01.11.2026 से 21.11.2026 के बीच साइबर ठगी के शिकार लोगों को कुल 12,73,843.04 रुपए वापस दिलाए गए हैं। पुलिस ने कहा है कि वह साइबर अपराधों पर लगाम कसने और लोगों की गाढ़ी कमाई सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही आम नागरिकों से ऑनलाइन लेन-देन व संदिग्ध कॉल-लिंक को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

SCROLL FOR NEXT