संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के नापाक मंसूबों का डटकर मुकाबला करते हुए बांकुड़ा का लाल गंभीर रूप से घायल हो गया है। बुधवार दोपहर ड्यूटी के दौरान हुए अचानक आतंकी हमले में विष्णुपुर के रहने वाले CRPF जवान शांतनु चंद्र आतंकियों की गोली लगने से घायल हो गए। हालांकि, खतरे से बाहर होने की खबर मिलने के बाद उनके परिवार और पूरे इलाके ने राहत की सांस ली है।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर को शांतनु चंद्र अपनी यूनिट के साथ ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान आतंकियों ने अचानक हमला कर दिया। जवानों ने भी बिना एक पल गंवाए तुरंत मोर्चा संभाला और आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। इसी भीषण गोलीबारी के दौरान आतंकियों की एक गोली शांतनु चंद्र के हाथ में आ लगी।
परिवार में छाई चिंता, फिर फोन पर हुई बात
घटना की खबर मिलते ही बिष्णुपुर शहर के शंखरीबाजार स्थित उनके आवास पर चिंता की लहर दौड़ गई। हालांकि, कुछ ही देर बाद अस्पताल में भर्ती शांतनु ने खुद अपने मोबाइल फोन से परिजनों से संपर्क किया और अपनी कुशलक्षेम बताते हुए कहा,'मैं बिल्कुल ठीक हूं, घबराएं नहीं।' उनके मुंह से यह बात सुनते ही परिवार ने बड़ी राहत की सांस ली।
पूरे इलाके में हो रही है शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
जैसे ही शांतनु के घायल होने और उनके सुरक्षित होने की खबर स्थानीय लोगों तक पहुंची, उनके घर सांत्वना और हौसला बढ़ाने वालों का तांता लग गया। स्थानीय लोग और रिश्तेदार उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं।