इंदास थाना की तस्वीर 
आसनसोल

सूने घर का फायदा उठाकर 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म

अभियुक्त किशोर गिरफ्तार

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा : चॉकलेट का लालच देकर एक 7 साल की नाबालिग से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में जब पीड़िता को लेकर उसकी मां आरोपी के घर गईं, तो उनके साथ मारपीट और छेड़छाड़ भी की गई। इस मामले में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में अभियुक्त किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। यह शर्मनाक घटना इंदास थाना क्षेत्र में हुई है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां स्थानीय तालाब में कपड़े धोने गई थी, और बच्ची घर पर अकेली थी। सूने घर का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाला 16 वर्षीय एक किशोर वहां पहुंच गया। उसने सात साल की मासूम को चॉकलेट का लालच दिया और बहला-फुसलाकर पास ही के एक खाली घर में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया।

कुछ देर बाद जब बच्ची की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची, तो अभियुक्त वहां से भाग निकला।

शिकायत करने पर मां के साथ भी मारपीट

घटना के बाद पीड़िता की मां अपनी बेटी को लेकर सीधे अभियुक्त के घर पहुंची और विरोध जताया। आरोप है कि वहां अभियुक्त के परिजनों ने महिला और उसकी सात साल की मासूम बच्ची के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उनके साथ छेड़छाड़ भी की।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर किया गिरफ्तार

घटना से आहत पीड़िता की मां ने तुरंत इंदास थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की और अभियुक्त किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।

इस अमानवीय घटना के बाद से पूरे इलाके में गहरा रोष और तनाव का माहौल है। पीड़िता की मां और परिजनों ने अभियुक्त किशोर व उसके परिवार के अन्य संलिप्त सदस्यों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT