इंदास थाना  
आसनसोल

शराब के लिए पैसे क्या नहीं मिले, पति बन गया हैवान

हंसिए से गोदकर पत्नी की बेरहमी से हत्या

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के इंदास थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब पीने के लिए पैसे न देने पर एक कलयुगी पति ने अपनी ही पत्नी की हंसिए से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतका की पहचान 40 वर्षीय मनी राय के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम तारक राय है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

रोज का कलेश और खौफनाक अंत

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बेताल ग्राम निवासी तारक राय आए दिन शराब के नशे में घर लौटता था और अपनी पत्नी मनी राय के साथ मारपीट करता था। आए दिन होने वाले इस घरेलू कलह से पूरा परिवार परेशान था। आरोप है कि इससे पहले भी कई बार तारक अपनी पत्नी पर हाथ उठा चुका था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह प्रताड़ना एक दिन खौफनाक वारदात में बदल जाएगी।

पैसे न मिलने पर खोया आपा

बताया जा रहा है कि बीती देर शाम घर आकर तारक राय शराब खरीदने के लिए अपनी पत्नी से पैसों की मांग करने लगा। मनी राय ने जब उसे पैसे देने से साफ इंकार कर दिया, तो दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आगबबूला हुए तारक ने घर में रखा तेजधार हंसिया उठाया और अपनी पत्नी के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

अस्पताल ले जाने से पहले तोड़ा दम

हमले में गंभीर रूप से घायल होकर मनी राय खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर घरवाले और पड़ोसी तुरंत मौके पर दौड़े। आनन-फानन में उन्हें इंदास ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इंदास थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर अभियुक्त पति तारक राय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

SCROLL FOR NEXT