तृणमूल कांग्रेस कार्यालय को भगवा रंग में रंगा जा रहा 
आसनसोल

TMC दफ्तर पर 'भगवा रंग'

तृणमूल का आरोप- BJP ने जबरन किया कब्जा भाजपा बोली- TMC कार्यकर्ता खुद आ रहे हमारे पाले में, उन्होंने ही रंगा

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: बांकुड़ा जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच पार्टी कार्यालय को लेकर सियासी संग्राम छिड़ गया है। छातना ब्लॉक के खड़बना इलाके में स्थित TMC के एक लंबे समय से संचालित पार्टी दफ्तर पर कब्जा कर उसका रंग नीले-सफेद व हरे से बदलकर 'भगवा' कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव पैदा हो गया है। तृणमूल ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर कार्यालय को दोबारा अपने नियंत्रण में लेने की दो-टूक चेतावनी दी है।

सड़क किनारे बना दफ्तर, रातों-रात बदला रंग

खड़बना इलाके में मुख्य सड़क के किनारे स्थित यह पार्टी कार्यालय TMC का मजबूत गढ़ माना जाता था। पार्टी यहीं से पूरे इलाके में अपना सांगठनिक कामकाज और सामाजिक गतिविधियां संचालित करती थी। स्थानीय TMC नेताओं का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बलपूर्वक कार्यालय पर कब्जा कर लिया और पार्टी के पारंपरिक रंग को मिटाकर उसे पूरी तरह भगवा रंग में रंग दिया।

दोनों पक्षों के अपने-अपने तर्क:

TMC नेतृत्व का कहना है कि यह कार्यालय केवल राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र नहीं था, बल्कि यहां से आम लोगों को सामाजिक सेवाएं भी मुहैया कराई जाती थीं। भाजपा ने गुंडागर्दी और जोर-जबरदस्ती के दम पर इस पर कब्जा किया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि वे स्थानीय लोगों को एकजुट कर जल्द ही इस कार्यालय को दोबारा अपने अधिकार में लेंगे।

वहीं भाजपा नेतृत्व ने कब्जा करने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। भाजपा का दावा है कि इलाके में तृणमूल का जनाधार पूरी तरह समाप्त हो चुका है। जो कार्यकर्ता पहले TMC में थे, वे अब खुद भाजपा में शामिल होने की इच्छा जता रहे हैं। संभवतः उन्हीं कार्यकर्ताओं ने पार्टी बदलकर कार्यालय को भगवा रंग में रंगा है। साथ ही भाजपा ने यह भी जोड़ा कि यदि यह कार्यालय सरकारी जमीन पर बना है, तो कब्जा किसी का भी हो, प्रशासन को नियम सम्मत कार्रवाई करनी चाहिए।

आगे क्या: प्रशासन अलर्ट

दफ्तर पर फिर से कब्जे को लेकर TMC की चेतावनी के बाद इलाके में संभावित टकराव को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव को टालने के लिए स्थानीय पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

SCROLL FOR NEXT