प्रदर्शन करते भाजपा समर्थक  
आसनसोल

बड़जोड़ा में नौकरियां पाने को लेकर भाजपा में घमासान

अपनी ही पार्टी के विधायक के खिलाफ सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: बांकुड़ा जिले के बड़जोड़ा औद्योगिक क्षेत्र में नौकरी के नाम पर अवैध वसूली और भाई-भतीजावाद के आरोप अब विपक्षी दल नहीं, बल्कि खुद सत्ताधारी दल भाजपा के भीतर से उठने लगे हैं। बुधवार को बड़जोड़ा के देजुरी मोड़ स्थित 'जलधि' पेयजल परियोजना के गेट पर स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सहाड़जोड़ा 2 नंबर शक्ति प्रमुख माधव दास सिंह ने विधायक बिल्लेश्वर सिन्हा पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि स्थानीय पार्टी नेतृत्व को बिना भरोसे में लिए और क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं की उपेक्षा कर बाहर के चार लोगों को काम पर रख लिया गया है। उन्होंने कहा, 'स्थानीय गरीब परिवारों के युवाओं के हक को मारकर गंगाजलघाटी ब्लॉक के भैरवपुर गांव के चार लड़कों को नौकरी दी गई।' इसी के विरोध में परियोजना का मुख्य गेट बंद कर दिया गया।

नवनियुक्त कर्मचारियों का पक्ष

वहीं, विवादों में आए नवनियुक्त कर्मचारी विद्युत मंडल ने सफाई दी कि उनका घर विधायक के गांव में ही है और वे 3 नवंबर को विधायक के कहने पर ही काम पर आए थे। उन्होंने सवाल किया, 'क्या हम इस विधानसभा क्षेत्र के नागरिक नहीं हैं? फिर हमें बाहरी क्यों कहा जा रहा है?'

गौरतलब है कि हाल ही में बड़जोड़ा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में 30 अस्थायी श्रमिकों की नियुक्ति को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष बाप्पा चंद्रधूर्य ने भी विधायक के खिलाफ आवाज उठाई थी। क्या कहते है विरोधी - तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक अलोक मुखर्जी ने तंज कसते हुए कहा , 'जलधि परियोजना ममता बनर्जी की महत्वाकांक्षी योजना है। भाजपा नेताओं ने इसे लूट का अड्डा बना लिया है और अब बंदरबांट के चक्कर में आपस में ही भिड़ रहे हैं।' वहीं, सीपीएम नेता सुजय चौधरी ने कहा कि अब भ्रष्टाचार की पोल खुद भाजपा के लोग ही खोल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से लेकर जलधि परियोजना तक हो रही नियुक्तियों में पारदर्शिता की मांग को लेकर बीडीओ और संबंधित विभागों से जवाब मांगा जाएगा। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो पार्टी वृहत् आंदोलन करेगी।

क्या कहा विधायक ने - विवाद बढ़ने पर विधायक बिल्लेश्वर सिन्हा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'मैंने सुना है कि जल परियोजना में चार श्रमिकों के शामिल होने को लेकर विवाद हुआ है। अगर कोई मेरा नाम लेकर काम पर जुड़ा है और इससे मेरा नाम हो रहा है, तो यह अच्छी बात है। हालांकि, असलियत की जानकारी ली जा रही है, अनियमितता मिलने पर उचित कार्रवाई होगी।'

SCROLL FOR NEXT