जांच करती पुलिस  
आसनसोल

पत्नी ने सोते पति को कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या

जेठ पर भी किया हमला, गिरफ्तार

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा : जिले के बड़जोड़ा थाना अंतर्गत पखन्ना गांव में शुक्रवार अलसुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। परिवार के सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तभी एक महिला ने सोते हुए अपने पति पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। मृतक का नाम उज्ज्वल चक्रवर्ती (53) है। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त पत्नी झुमा चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

सहमी बेटी ने कहा- मां ने पिता को मार डाला गुरुवार रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सोने चला गया था। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे जब उज्ज्वल गहरी नींद में थे, तब उनकी पत्नी झुमा ने अचानक उनके गले पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। इस भयानक हमले में उज्ज्वल की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर पास ही सो रही उनकी छह साल की मासूम बेटी की नींद खुल गई। सहमी हुई बच्ची डरते हुए बगल के कमरे में सो रहे अपने ताऊ के पास पहुंची और रोते हुए बताया कि मां ने पिता को मार डाला है।

मृतक के बड़े भाई सनत कुमार चक्रवर्ती ने बताया, 'मैंने सोते हुए कुछ आवाज सुनी थी, लेकिन मुझे लगा कि बारिश के कारण टूटा हुआ शेड गिरा होगा। तभी मेरी भतीजी दौड़ती हुई आई और उसने पूरी बात बताई। जब मैं उनके कमरे की तरफ बढ़ा, तो झुमा ने मुझ पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मैंने हाथ से वार रोकने की कोशिश की, जिससे मेरे हाथ पर गंभीर चोट आई है और डॉक्टर को 14 टांके लगाने पड़े हैं।'

अलग रहने की जिद बनी वारदात की वजह!

परिवारवालों के मुताबिक, उज्ज्वल चार भाइयों में से एक थे और एक किराने की दुकान पर काम करते थे। वर्ष 2017 में मनोहर गांव की रहने वाली झुमा के साथ उनकी शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच कलह शुरू हो गई थी। झुमा अलग खाने और रहने का दबाव बनाती थी, जिसके चलते वे पहले अलग भी रहने लगे थे।

हालांकि, हाल ही में दुर्गा पूजा से पहले सभी भाइयों ने मिलकर साथ रहने और खाने का फैसला किया था, जिसके बाद वे फिर से साथ आ गए थे। लेकिन पूजा खत्म होने के बाद झुमा एक बार फिर अलग होने का दबाव बनाने लगी थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अभियुक्त पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT