सफाई मित्र को सम्मानित करते GM आरकेपी सिंह 
आसनसोल

बंकोला क्षेत्र में गांधी जयंती पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान

सफाई मित्रों का सम्मान, निकाली पदयात्रा

Sanjay Singh

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

अंडाल: ईसीएल के बंकोला क्षेत्रीय कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय अभियान ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ (स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत) के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर राष्ट्र सेवा और स्वच्छता का संकल्प दोहराया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्रीय महाप्रबंधक आर के पी सिंह ने पारंपरिक दीप प्रज्वलन कर की। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर देश निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

प्लास्टिक वेस्ट प्लांट के सफाई कर्मियों को सराहा

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता में अग्रणी भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। महाप्रबंधक और विभिन्न विभागाध्यक्षों ने क्षेत्रीय प्लास्टिक अपशिष्ट संयंत्र (प्लास्टिक वेस्ट प्लांट) में कार्यरत सफाई कर्मियों का सम्मान किया। अधिकारियों ने कहा कि बिना रुके और बिना थके काम करने वाले ये स्वच्छता कर्मी ही स्वच्छ समाज की असली नींव हैं।

जागरूकता पदयात्रा निकाली, एमटी हॉस्टल परिसर में किया श्रमदान

जन-जन तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के लिए क्षेत्रीय कार्यालय परिसर से मैनेजमेंट ट्रेनी (एमटी) हॉस्टल तक एक पदयात्रा (वॉकाथॉन) निकाली गई। पदयात्रा के हॉस्टल पहुंचने पर महाप्रबंधक सहित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों ने स्वयं झाड़ू थामकर सघन सफाई अभियान चलाया और श्रमदान किया।

समारोह के समापन पर GM आर के पी सिंह ने सभी से स्वच्छता को केवल एक दिन के अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया।

SCROLL FOR NEXT