अवैध बालू लदे टोटो 
आसनसोल

दामोदर नदी से बालू तस्करी पर पुलिस का कसा शिकंजा

8 टोटो बालू जब्त

Gopal Kumar Singh

विनोद, सन्मार्ग संवाददाता

रानीगंज : बालू तस्करी पर लगाम लगाने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार सुबह रानीगंज थाना अंतर्गत बल्लभपुर पुलिस फांड़ी की ओर से अचानक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दामोदर नदी से अवैध रूप से बालू ले जा रहे 8 ई-रिक्शा (टोटो) को जब्त कर लिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा आवास योजना, विभिन्न सरकारी परियोजनाओं और निजी मकान निर्माण के लिए उचित मूल्य पर वैध बालू की आपूर्ति सुचारू करने की पहल की गई है, जिसके तहत स्वीकृत बालू घाटों से बालू निकासी और आपूर्ति की प्रक्रिया जारी है।

हालांकि, पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ बालू माफिया दामोदर नदी से गैर-कानूनी तरीके से टोटो और मोटरसाइकिलों के जरिए अवैध बालू की तस्करी कर रहे हैं। इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।

बल्लभपुर फाड़ी के आईसी पार्थ चक्रवर्ती के नेतृत्व में सोमवार को दामोदर नदी से सटे इलाकों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान रानीगंज बाजार की ओर ले जाए जा रहे बालू लदे टोटो चालकों को रंगे हाथ रोककर वाहनों को जब्त कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन इस अवैध कारोबार के पीछे सक्रिय बालू माफियाओं को चिन्हित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। आने वाले दिनों में तस्करी रोकने के लिए ऐसा अभियान और अधिक सख्ती से चलाया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT