एसपी, सन्मार्ग संवाददाता
कुल्टी : दुर्गा पूजा के दौरान सड़कों के किनारे अतिक्रमण मुक्त बनाने को लेकर विभिन्न राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों की ओर से कुल्टी स्टेशन से केंदुआ बाजार तक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत दुर्गा पूजा के दौरान कुल्टी रेलपार इलाके, विशेष रूप से कुल्टी स्टेशन से केंदुआ बाजार जाने वाली सड़कों पर हजारों की संख्या में श्रदालुओं की भीड़ बनी रहती है। दूरदराज से लोग वाहनों में सवार होकर कुल्टी केंदुआ बाजार इलाके में दुर्गा पंडाल का दर्शन करते हैं। उस समय इस सड़क के दोनों किनारे पर कुछ लोग अतिक्रमण कर छोटी-छोटी दुकानें लगा देते हैं। इसके अलावा काफी संख्या में लोग सड़क किनारे सरकार की जमीन पर अतिक्रमण कर अपना व्यवसाय संचालित करते हैं जिससे इस सड़क पर आने-जाने वाले लोगों एवं वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस अभियान में शामिल भाजपा नेता दशरथ यादव ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान आने- जाने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी को देखते हुये कुल्टी पुलिस से सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की अपील की गयी। उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने कुल्टी स्टेशन से केंदुआ रोड आर्य समाज मंदिर तक अतिक्रमण हटाने के लिये व्यवसायियों से अपील की ताकि आपसी भाईचारा के साथ दुर्गा पूजा का त्योहार सम्पन्न किया जा सके। इस अवसर पर भाजपा के अमर सिंह, समाजसेवी रंजीत राय, सुमित खाटूवाला, भाजपा पार्षद ललन मेहरा, पूर्व पार्षद वकील दास, संजय साव सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।