आसनसोल

अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई

दो थाना क्षेत्रों में संयुक्त छापेमारी; 60 लीटर अवैध शराब और 1500 लीटर जावा महुआ नष्ट

Gopal Kumar Singh

सन्मार्ग संवाददाता

पुरुलिया : जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुरुलिया जिला उत्पाद विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार उत्पाद विभाग ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आड़सा और कोटशिला थाना क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे पदार्थ को जब्त कर नष्ट किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई में जयपुर उत्पाद विभाग सर्किल की टीम ने कोटशिला थाना पुलिस के साथ मिलकर गुर्राबेड़ा, बरुआकोचा और नलकूपी गांवों में छापेमारी की। इस अभियान के दौरान 10 लीटर अवैध आसवित शराब (आईडी लिकर) और 500 लीटर जावा महुआ (फर्मेंटेड वॉश) जब्त कर नष्ट किया गया।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में बलरामपुर उत्पादन विभाग सर्किल की टीम ने आड़सा थाना अंतर्गत कांटाडीह पुलिस आउटपोस्ट के सहयोग से कांटाडीह, गोविंदपुर, पिठाटी, राधानगर और निपानिया गांवों में अभियान चलाया। इस दौरान 50 लीटर अवैध आसवित शराब, 1000 लीटर जावा महुआ तथा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले एल्यूमिनियम के छह बड़े बर्तन जब्त किए गए।

दोनों अभियानों में कुल 60 लीटर अवैध आसवित शराब और 1500 लीटर जावा महुआ नष्ट किया गया। इसके अलावा शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले छह एल्यूमिनियम के बर्तन भी जब्त किए गए।

जिला उत्पाद विभाग, पुरुलिया की ओर से बताया गया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आम लोगों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की रक्षा करना विभाग की प्राथमिकता है। इस तरह के निवारक एवं प्रवर्तन अभियान आने वाले दिनों में भी स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर जारी रहेंगे।

SCROLL FOR NEXT