आसनसोल

अवैध शराब के खिलाफ पुरुलिया जिला पुलिस का बड़ा अभियान

सात थाना क्षेत्रों में छापेमारी; 13 गिरफ्तार, हजारों लीटर कच्ची शराब नष्ट

Gopal Kumar Singh

सन्मार्ग संवाददाता

पुरुलिया : जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुरुलिया जिला पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के सात थाना क्षेत्रों में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त एवं अलग-अलग टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा अवैध शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले हजारों लीटर कच्चे घोल को जब्त कर नष्ट किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पाड़ा थाना पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब बिक्री के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 32 बोतल शराब जब्त की गई। मामले में दो अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं।

वहीं, झालदा थाना पुलिस ने अवैध शराब के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 50 लीटर अवैध शराब जब्त की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।

मानबाजार थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में छापेमारी कर करीब 40 लीटर अवैध शराब जब्त कर नष्ट की गई। दूसरी ओर, नेतुरिया थाना पुलिस ने पारबेलिया कोलियरी के फिश मार्केट के पास स्थित एक होटल से 15 बोतल देसी शराब जब्त की। इसके अलावा बेलडांगा मैदान से करीब 150 लीटर अवैध शराब बरामद कर नष्ट की गई। इस मामले में भी केस दर्ज किया गया है।

इसी क्रम में कोटशिला थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जाबर गांव में छापेमारी की। यहां से करीब 2,000 लीटर फर्मेंटेड वॉश यानी शराब तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाला कच्चा घोल तथा 50 लीटर तैयार देसी शराब जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई।

केंदा थाना पुलिस ने सरदारडीह, राजाखेबड़ा, माझीडीह, धवानी और मकरका गांवों में अभियान चलाकर करीब 60 लीटर तैयार अवैध शराब और 300 लीटर फर्मेंटेड वॉश जब्त कर नष्ट किया।

वहीं, अड़शा थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर करीब 2,500 लीटर फर्मेंटेड वॉश, 150 लीटर तैयार अवैध शराब तथा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियां जब्त कर नष्ट कीं।

जिला पुलिस की ओर से जारी समग्र अभियान के आंकड़ों के अनुसार, इस कार्रवाई में 4,240 लीटर फर्मेंटेड वॉश और 1,000 लीटर से अधिक अवैध चोलाई शराब को नष्ट किया गया। इसके अलावा 100 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई। अभियान के दौरान कुल 13 लोगों को गिरफ्तार करने और 13 विशिष्ट मामले दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है। पुरुलिया जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

SCROLL FOR NEXT