जब्त ट्रेक्टरों के साथ पुलिस के जवान  
आसनसोल

अवैध बालू के खिलाफ पुलिस की बड़ी कारवाई

झालदा में पुलिस ने बालू लदे चार ट्रैक्टर जब्त किए

Gopal Kumar Singh

सन्मार्ग संवाददाता

पुरुलिया : अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुरुलिया जिले के झालदा थाना पुलिस ने झालदा-गोला मार्ग पर रेलवे गेट के पास बालू लदे चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। बुधवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर एएसआई सुजीत मंडल के नेतृत्व में पुलिस ने उक्त इलाके में नाका चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाले चार ट्रैक्टरों पर करीब 400 सीएफटी संदिग्ध अवैध बालू मिला।

पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से चारों ट्रैक्टरों और बालू को जब्त कर लिया गया। मामले में वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर संबंधित धाराओं में मामला शुरू किया गया है।

पुलिस फरार ड्राइवरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। साथ ही, बालू कहां से लाया गया था और उसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है। पुरुलिया जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

SCROLL FOR NEXT