बरामद सिक्के को दिखाते पुलिस अधिकारी 
आसनसोल

बिहार से बंगाल के सिक्कों की तस्करी की कोशिश नाकाम

डीडी विभाग ने 3 बोरा सिक्का किया जब्त

Gopal Kumar Singh

एसपी, सन्मार्ग संवाददाता

कुल्टी : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिक्टेटिव विभाग (डीडी) ने बिहार से कोलकाता जा रही एक यात्री बस से भारी मात्रा में सिक्का जब्त कर कथित तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। मंगलवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर डीडी विभाग के अधिकारियों ने कुल्टी थाना क्षेत्र के पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा से सटे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर अभियान चलाकर बिहार से कोलकाता जा रही एक यात्री बस से सिक्कों से भरी तीन बोरियां बरामद की। पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, बरामद सिक्कों की कुल कीमत तीन लाख रुपये से अधिक है। डीडी सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि एक यात्री बस के जरिए बड़ी मात्रा में सिक्के बिहार से पश्चिम बंगाल लाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर मंगलवार तड़के कुल्टी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर डीडी की टीम ने निगरानी शुरू की। निर्धारित बस के सीमा पार कर पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने के दौरान पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। बस के खलासी और यात्रियों की मौजूदगी में तलाशी के दौरान तीन बोरियों में बड़ी संख्या में सिक्के बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद सिक्कों में एक, दो, पांच, दस और बीस रुपये मूल्यवर्ग के सिक्के शामिल हैं। हालांकि इतनी बड़ी मात्रा में सिक्के किसके हैं और इन्हें किस उद्देश्य से बिहार से पश्चिम बंगाल लाया जा रहा था, इसे लेकर रहस्य बना हुआ है। तलाशी के दौरान बस के किसी भी यात्री या कर्मचारी ने इन सिक्कों पर अपना दावा नहीं किया। इसी वजह से शुरुआती जांच में किसी को हिरासत में लेने या गिरफ्तार करने की कार्रवाई नहीं की जा सकी। डीडी ने बरामद सभी सिक्कों को जब्त कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सिक्कों के परिवहन के पीछे कोई अवैध वित्तीय लेनदेन, मुद्रा तस्करी, वित्तीय धोखाधड़ी या किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है। सिक्कों के स्रोत और गंतव्य के साथ-साथ बस के रूट और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT