आसनसोल

यह चुनाव बंगाल पर हुए अत्याचार का बदला लेने का मौका है - ममता बनर्जी

भाजपा पर लगाया राज्य में मनमानी करने का आरोप

मुर्शिदाबाद : मैं 294 सीटों की प्रत्याशी हूं। मुझे वोट दें। बंगाल जीतने के बाद हमारी मंजिल दिल्ली होगी। अगर आपलोग जोड़ा फूल को वोट नहीं देंगे तो भाजपा के शैतान बंगाल पर कब्जा कर लेंगे और इसे बांट देंगे। तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने रविवार को पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में एक चुनावी रैली में ये बातें कही। उन्होंने सबसे पहले फरक्का और शमशेरगंज प्रत्याशी अमिरुल इस्लाम और नूर अली के समर्थन में और मुर्शिदाबाद सीट की प्रत्याशी शाउनी सिंहराय के समर्थन में जियागंज में रैली की। रविवार दोपहर में उन्होंने बहरमपुर प्रत्याशी नाड़ू गोपाल मुखर्जी के समर्थन में बहरमपुर शहर में जुलूस निकाला।

अपनी विभिन्न योजनाओं की दी जानकारी

शमशेरगंज में आम सभा में, उन्होंने फरक्का में इरोजन (नदी का कटाव) का मुद्दा उठाया और कहा, "बैराज केंद्र सरकार के अंतर्गत है। वे डैमिंग नहीं कर रहे हैं, इसलिए नदी ब्लॉक हो रही है। नतीजतन, यहां हर साल कटाव हो रहा है। इस कटाव को रोकना ही होगा। केंद्र से बार-बार रिक्वेस्ट करने के बाद भी वे लोग बंगाल के लिए कुछ नहीं कर रहे हैं। हमने गंगा कटाव रोकने के लिए 100 करोड़ रुपये दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जंगीपुर अनुमंडल में 2 लाख महिलाएं बीड़ी इंडस्ट्री से जुड़ी हैं। उन्हें सोशल सिक्योरिटी दी जा रही है। हमने बीड़ी वर्कर्स के लिए कई प्रोजेक्ट्स किए हैं। उन्होंने खेती-बाड़ी करने वालों को भरोसा दिलाया कि बंगाल में पहली बार किसानों के लिए अलग बजट होगा। युवाओं के लिए रोजगार की राह खोली जा रही है।

कई साजिशों का लगाया आरोप

उन्होंने पार्टी नेतृत्व को बताया और कहा कि वे लोग नामांकन की अच्छी तरह से जांच करेंगे। वे वकील लेंगे। उनके पास कई प्लान्स हैं। वे नामाकंन कैंसिल करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने यह भी डर जताया कि EVM के साथ कई तरह से छेड़छाड़ की जा सकती है। यह देखना होगा कि उन्हें हैक किया जा रहा है या नहीं। बिना नाम लिए उन्होंने अमित शाह को लेकर कहा कि मोटे भाई, तुमने गंगा में लोगों को मरते नहीं देखा। तुम वो भाई हो जो मां-बहनों का हक छीनते हो। उन्होंने कहा कि देश के दूसरे राज्यों में यहां के प्रवासी बंगाली मजदूरों पर अत्याचार और उनसे मारपीट की जा रही है। वे लोग ताकत दिखाकर जो चाहें कर रहे हैं। यहां भाजपा से जुड़े अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं। हमारे अधिकारी तमिलनाडु भेजे जा रहे हैं। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव एक राजनीतिक युद्ध है और मैं लड़ाकू हूं। आप लोग मेरे लड़ाकू साथी हैं। वे किराए के सिपाही लाते हैं और मीटिंग और जुलूस निकालते हैं। क्या बंगाल के लोग घुसपैठिए हैं ? वे बाहर से भाजपा के लोगों को बस से ला रहे हैं। ऐसे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। चुनाव से पहले SIR क्यों। मोटा भाई बंगाल पर कब्जा करना चाहता है। सभी महिलाओं के नाम हटा दिए गए हैं। हिंदू माताओं और बहनों को निशाना बनाया गया है। भाजपा दिल्ली को जमींदारी समझती है। उन्होंने कहा कि धर्म पर राजनीति मत करो। धर्म पर बंगाल को मत बांटो। बंगाल के लोगों में आत्म-सम्मान है। वे बंगाली महिलाओं पर अत्याचार कर रहे हैं। वे उन्हें बांग्लादेश भेज रहे हैं। बीएसएफ ने गर्भवती महिलाओं को भगा दिया है। भाजपा राज्य में कार्यकर्ताओं को यहां बुलाती है। बंगाल फिर से जागेगा। एक नई सुबह आएगी। उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि बाहरी अधिकारियों को पैसा, हथियार और ड्रग्स आयात करने के लिए यहां लाया गया है। मैं बिना लड़े एक इंच जमीन उनके हाथों में जाने नहीं दूंगी। यह चुनाव बंगाल पर हुए अत्याचार का बदला लेने के लिए है।

SCROLL FOR NEXT