मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज थाना इलाके के नमो बासुदेबपुर में चुनाव से ठीक पहले फिर से बम बरामद हुआ है। काशिम नगर से सटे एक आम के बगीचे से ताजे बमों से भरी एक बाल्टी और एक जार बरामद हुआ है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आम के बगीचे के अंदर एक बाल्टी को संदिग्ध हालत में पड़ा देखकर स्थानीय लोग पहले तो हैरान हुए। बाद में जब मामला पुलिस के संज्ञान में आया तो शमशेरगंज थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। तलाशी लेने पर बाल्टी के अंदर से कई ताजे बम देखे गये। यह भी खबर है कि एक जार में विस्फोटक जैसी चीजें मिलीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वाड को बमों को डिफ्यूज करने के लिए सूचित किया गया है। पुलिस पूरे इलाके को घेरकर तलाशी ले रही है। हालांकि, इस घटना के बाद सवाल उठने लगे हैं कि इतनी बड़ी संख्या में बम कहां से आ रहे हैं और इन्हें कौन जमा कर रहा है। नमो बासुदेबपुर के लोगों की मांग है कि जो लोग इलाके में बम जमा करके अशांति का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी जल्द पहचान की जाए और उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं कई लोग लगातार बम बरामद होने से इलाके में राजनीतिक साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं कर रहे हैं। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।