मुर्शिदाबाद : तृणमूल की महिला प्रधान का काम उनके पति संभाल रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह तस्वीर वायरल होते ही हंगामा मच गया है। यह घटना रानीतला पुलिस स्टेशन क्षेत्र के सरलपुर पंचायत की है। स्थानीय कांग्रेस नेता ने घटना में पंचायत के कार्य और प्रबंधन की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। हालांकि सत्ताधारी खेमे ने दावा किया है कि सब कुछ विपक्ष का प्रोपेगैंडा और साजिश है। रानीतला पुलिस स्टेशन के सरलपुर पंचायत की प्रधान तृणमूल की हसीना बीबी हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई है, जिसमें हसीना बीबी की गैरमौजूदगी में उनके पति प्रधान का काम संभालते देखे गये। आरोप है कि उस दिन सरलपुर इलाके के अलग-अलग इलाकों से कई लोग अलग-अलग जरूरतों के लिए प्रधान के पास आए थे। प्रधान के पति ने खुद को प्रधान बताया और अपने साथ लाए जरूरी कागजों पर साइन किया था। स्थानीय कांग्रेस नेता इम्तियाज अहमद ने कहा, उस दिन वे पंचायत के इंजीनियर से मिलने गये थे। कांग्रेस पंचायत सदस्य सलीमुद्दीन शेख उनके साथ थे। वे लोग इंजीनियर के घर होकर प्रधान के घर पहुंचे थे। वहीं जब वे लोग वहां पहुंचे तो देखा कि प्रधान की टेबल के सामने कई लोग खड़े थे। सबके हाथ में कागज थे। प्रधान के पति प्रधान की कुर्सी के पास बैठे थे। वह प्रधान की तरफ से साइन कर रहे थे। आरोप है उन्होंने इसका विरोध किया तो प्रधान के पति ने उन्हें गाली देना शुरू कर दिया और फिर ऑफिस से चले गए। इसे लेकर प्रधान हसीना बीबी ने कहा कि उस दिन विरोधी पार्टी के कुछ बदमाश उन्हें गाली दे रहे थे। उनके पति ने मामले की जानकारी होने के बाद विरोध किया और इसीलिए वे लोग झूठा आरोप लगा रहे हैं। भगवानगोला के विधायक रेयात हुसैन सरकार ने कहा कि रानीतला में कांग्रेस का कोई वजूद नहीं है। इसीलिए उन्होंने चुनाव से पहले लोगों को गुमराह करने के लिए ये गंदे खेल शुरू किए हैं। लोग विरोधी पार्टी की साजिश में नहीं फंसेंगे।