आसनसोल

आसनसोल में डेंगू को लेकर नगर निगम अलर्ट मोड पर

स्वास्थ्य मंत्री ने की सराहना

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : डेंगू को लेकर आसनसोल नगर निगम अलर्ट मोड पर है। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुलाई गई राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक में नगर निगम ने अपनी सर्विलांस रिपोर्ट पेश की। यह बैठक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई। नगर निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा द्वारा पेश रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जनवरी 2026 से 25 अक्टूबर 2026 तक नगर निगम क्षेत्र में कुल 86 डेंगू पॉजिटिव केस सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि इनमें से 84 मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। फिलहाल सिर्फ 2 पॉजिटिव मरीज हैं, जिनकी हालत स्थिर है और उन्हें घर पर ही स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने की सराहना बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कमिश्नर के नेतृत्व और टीम के काम की जमकर तारीफ की। उन्होंने डेंगू रोकथाम के लिए चलाए जा रहे सैनिटेशन, मच्छर नियंत्रण और जागरूकता अभियान की प्रगति पर संतोष जताया। नगर निगम ने कहा है कि सर्विलांस को और मजबूत किया जाएगा और शहर में साफ-सफाई व फॉगिंग अभियान तेज किया जाएगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले और पुराने टायरों में पानी न रखें और डेंगू से बचाव के लिए पूरी सावधानी बरतें।

SCROLL FOR NEXT