सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल नगर निगम की ओर से बुधवार को पेंटालून से काली पहाड़ी मोड़ तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे जमा कचरे को हटाया गया और दुकानदारों को स्वच्छता को लेकर जागरूक किया गया। मौके पर नगर निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने कहा कि सभी दुकानदार अपना कचरा सड़क पर या इधर-उधर फेंकने के बजाय 'एड माई बिन' में डालें या नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ी को ही दें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियम का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही शहरवासियों से अपील की है कि शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें। निगम ने कहा कि कचरा इधर-उधर न फेंकें, डस्टबिन का प्रयोग करें और कचरा गाड़ी को ही कचरा दें। स्वच्छ शहर के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है। इस अभियान में चीफ इंजीनियर भास्कर बनर्जी, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर आरके श्रीवास्तव, असिस्टेंट इंजीनियर सरोज कुमार झा के साथ निर्मल साथी और सेनेटरी विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।