आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के आलोचना हाल में नगर निगम द्वारा एक कार्यक्रम किया गया, जहां 26 सफाई कर्मचारियों को सेप्टिक टैंक और हाई ड्रेन साफ करने के लिए विशेष तरह के किट दिए गए। साथ ही कार्यक्रम के दौरान डेंगू की रोकथाम के लिए जलाशयों में डालने के लिए गप्पी मछली भी प्रदान की गई। मौके पर आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय ने बताया कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी ही सेप्टिक टैंक और बड़े-बड़े ढके हुए हाई ड्रेन साफ करते हैं, इस काम में काफी खतरा रहता है। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के लिए यह विशेष सुविधा दी गयी है, जिसे पहनकर वह सुरक्षा के साथ इन कार्यों को कर पाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि आसनसोल नगर निगम के 280 सफाई कर्मचारियों को यह दिया जाएगा। आज पहले चरण में 26 सफाई कर्मचारियों को यह किट प्रदान किया गया। वहीं मौके पर उपमेयर वशिमुल हक ने कहा कि किट के साथ डेंगू की रोकथाम के लिए जलाशयों में डालने के लिए गप्पी मछली भी प्रदान की गई है। इस मौके पर आसनसोल नगर निगम आयुक्त अदिति चौधरी , उपमेयर वशिमुल हक, सेनेटरी विभाग के एमएमआईसी मानस दास, पार्षद भोला हेला सहित अन्य लोग उपस्थित थे।