आसनसोल : आसनसोल गोधुलि गुरुद्वारा की नवनिर्मित इमारत का उद्घाटन किया गया। गौरतलब है कि दो दिनों तक चल रहे अखंड पाठ का समापन बुधवार को हुआ, जिसके बाद गुरुवाणी एवं कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली गुरुद्वारा से आए भाई जतिंद्र सिंह कीर्तन जत्था तथा कोलकाता से आये जसवंत सिंह के कीर्तन जत्था ने गुरुवाणी का गायन कर संगत को निहाल किया। आसनसोल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान अमरजीत सिंह भरारा ने कहा कि उनके दो कार्यकाल के दौरान गुरु घर की सेवा पूरी निष्ठा के साथ करने का प्रयास किया गया। इस अवधि में दो गुरु घरों की इमारतों का नवीनीकरण कराया गया, जिनमें गोधुलि गुरुद्वारा की नई इमारत का कार्य भी पूर्ण हुआ है। उन्होंने बताया कि अखंड पाठ के साथ गुरु घर में गुरु वाणी का प्रवाह पुनः प्रारंभ हो गया है। आगे कहा कि कमेटी की पूरी टीम ने स्कूलों को भी उन्नत करने का कार्य किया है। साथ ही संगत को जानकारी दी कि कमेटी के दूसरे कार्यकाल का अंतिम दिन आने से पहले ही चुनाव प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस बार मुख्य चुनाव अधिकारी के रूप में अनिल सिंह गंभीर को नियुक्त किया गया है। वहीं जो भी प्रधान पद के लिए आवेदन करना चाहता है, वह अनिल सिंह गंभीर से संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि संगत द्वारा दी गई सेवा और गुरुद्वारा के नियमों का समय से पहले पालन किया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी संगतों का उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस मौके पर राज्य के कानून मंत्री मलय घटक, आसनसोल नगर निगम के एमएमआईसी गुरदास चटर्जी सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य मौजूद थे।