सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर आसनसोल में भव्य और विशाल जुलूस निकाला गया। आसनसोल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के तरफ से इस्माइल स्थित गुरु नानक मिशन हाई स्कूल ग्राउंड में प्रकाश पर्व का आयोजन किया गया था, जहां मंच बनाकर अखंड पाठ, कीर्तन, शबद-कीर्तन, अरदास और लंगर जैसे आयोजन किए गए। इसके बाद पंच प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में सिख समुदाय के साथ-साथ बड़ी संख्या में अन्य समाज के लोग भी शामिल हुए। पूरा शहर वाहेगुरु के जयकारों और कीर्तन की मधुर धुनों से गूंज उठा। गौरतलब है कि नगर नगर कीर्तन इस्माइल स्थित गुरु नानक मिशन हाई स्कूल से शुरू होकर हटन रोड, जीटी रोड, निगम मोड़, गोधूली गुरुद्वारा होते हुए गुरु नानक नगर स्थित सिख कम्युनिटी हॉल में आकर समाप्त हुआ। पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के जयकारे लगाए और वाहेगुरु-वाहेगुरु का जाप किया। जुलूस के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर लोग खड़े थे, साथ ही कई सेवा कैंप भी लगाए गए थे। नगर कीर्तन में सबसे आगे पंज प्यारे चल रहे थे, जिनके पीछे गतका दल के युवाओं ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी तलवारबाजी और करतब देखकर सभी दंग रह गए। बैंड-बाजे, कीर्तन मंडली और फूलों से सजी झांकियां जुलूस की शोभा बढ़ा रही थीं। गुरु ग्रंथ साहिब को फूलों से सजे विशेष वाहन में रखा गया था, जिसके आगे श्रद्धालु नंगे पैर चल रहे थे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने जुलूस का पुष्पवर्षा से स्वागत किया। कई स्थानों पर लंगर, शरबत, चाय और प्रसाद का वितरण किया गया। मौके पर आसनसोल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी ने बताया कि गुरु नानक देव जी ने मानवता, प्रेम, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया था। उनके प्रकाश पर्व पर यह जुलूस उसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना पहले था। साथ ही कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी जगह-जगह तैनात थे। इस मौके पर आसनसोल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सभी पदाधिकारी सहित सिख समाज के लोग एवं समाज के अन्य वर्ग के लोग उपस्थित थे।