बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण में पहुंचे मंत्री सुजीत बसु 
आसनसोल

मंत्री सुजीत बसु ने जिला में तीन जगहों पर बाढ़ की स्थिति का किया निरीक्षण

1500 परिवारों को सौंपा सूखा भोजन

मुर्शिदाबाद : राज्य के अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा मंत्री सुजीत बसु ने शुक्रवार को मुर्शिदाबाद के भरतपुर, सुती और शमशेरगंज पुलिस थाना क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण किया। वह शुक्रवार दोपहर बहरमपुर पहुंचे। वहां से, वह भरतपुर के लिए रवाना हुए। मंत्री के साथ कांदी के विधायक और तृणमूल मुर्शिदाबाद- बहरमपुर संगठनात्मक जिला अध्यक्ष अपूर्व सरकार, राज्य अल्पसंख्यक समिति के अध्यक्ष मोशर्रफ हुसैन और स्थानीय नेतृत्व भी थे। इस दिन, वह सबसे पहले भरतपुर -1 ब्लॉक के इब्राहिमपुर गांव गए। उन्होंने वहां की स्थिति को जमीनी स्तर पर देखने के अलावा ग्रामीणों से बात की। उन्होंने उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली। गौरतलब है कि कम दबाव की बारिश और जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण कुये नदी का जल स्तर बढ़ गया है और भरतपुर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण करने के अलावा, उन्होंने 1500 परिवारों को सूखा भोजन सौंपा। भरतपुर से, मंत्री सुती के लिए रवाना हुए। उन्होंने सुती के हरुआ और बहुताली इलाकों का दौरा किया। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले झारखंड और बिहार की पहाड़ियों से पानी आने के कारण हरुआ और बहुताली इलाके का एक बड़ा इलाका जलमग्न हो गया था और बीघा की बीघा खेती की जमीन पानी में डूब गई थी। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ है। सुती के बाद, मंत्री ने शमशेरगंज के शिबपुर और प्रतापगंज समेत कई कटावग्रस्त इलाकों का दौरा किया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वे मुर्शिदाबाद और मालदा में बाढ़ की स्थिति देखने आये हैं। उन्होंने मुर्शिदाबाद के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। वे शनिवार को मालदा के कुछ इलाकों का भी दौरा करेंगे। कोलकाता लौटने के बाद वे मुख्यमंत्री को विस्तार से सारी जानकारी देंगे।

SCROLL FOR NEXT