पानी में डूबा गांव  
आसनसोल

नहर की निकासी बंद होने से जल जमाव से गांव के लोग परेशान

दो सौ बीघा जमीन की फसल हो गई पूरी तरह बर्बाद

मुर्शिदाबाद : बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गये हैं। लोग जलजमाव वाले इलाकों में फंस गए हैं। रानीतला थाना अंतर्गत आमडहरा ग्राम पंचायत के नारायणपुर इलाके के लगभग 40 परिवार नहर बंद होने से भीषण तकलीफ में दिन बिता रहे हैं। वहीं लगभग दो सौ बीघा जमीन की फसलें जलजमाव से बर्बाद हो गई हैं। स्थानीय पंचायत और ब्लॉक प्रशासन को सूचित करने के बाद भी इस संबंध में कोई समाधान नहीं निकला है। इस विषय में बीडीओ अनिर्बान साहू ने कहा कि उन्हें जलजमाव की समस्या की जानकारी है। इलाके में छोटे जल निकासी नहरों के अवरुद्ध होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। पानी सूखने पर जल निकासी नहरों की मरम्मत की जाएगी। नारायणपुर इलाके के निवासी इस बात से परेशान हैं कि इलाके में नहर का मुहाना बंद हो गया है। इस संबंध में गांव के एक वरिष्ठ नागरिक मुस्तफा शेख ने कहा कि वे इतने सालों से इस गांव में रह रहे हैं। उन्होंने कभी ग्रामीणों को पानी में ऐसी दुर्दशा को भोगते नहीं देखा। खेतों की फसलें भी पानी में डूब गई हैं। सांपों का प्रकोप बढ़ गया है। घर के आंगन में कदम रखना मुश्किल हो गया है। शौचालय और ट्यूबवेल पानी में डूब गए हैं। नतीजतन, कई लोग गांव छोड़कर दूर के रिश्तेदारों के घर चले गये हैं। वहीं कुछ लोग पड़ोस में रहने को मजबूर हैं। गांव के असीरुद्दीन शेख ने कहा कि ब्लॉक के लोग आए और खेतों में लगी फसल का हिसाब-किताब लेकर चले गए लेकिन उन्होंने गांव के हालात नहीं देखे। इस संबंध में पंचायत प्रधान आयशा बीबी ने कहा कि तीस से चालीस बीघा जमीन की फसल बर्बाद हो गई है।

SCROLL FOR NEXT