आसनसोल

दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का होगा आयोजन

विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क कृत्रिम अंग दिया जाएगा

आसनसोल : सामाजिक सेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल ग्रेटर ने आसनसोल क्लब में एक बैठक की। गौरतलब है कि इस बैठक में दिव्यांग व्यक्तियों के लिए नि:शुल्क कृत्रिम हाथ और पैर प्रत्यारोपण (कृत्रिम अंग) शिविर आयोजित करने की घोषणा की गई है। रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल ग्रेटर के अध्यक्ष सचिन राय ने मार्च महीने के 20, 21 और 22 तारीख को एसबी गोराई रोड के किनारे स्थित पार्वती मैरेज हाल में फ्री आर्टिफिशियल लिंब कैलीपर और प्रोस्थेटिक हैंड एंड लेग कैंप के आयोजन के बारे में जानकारी दी। संस्था की तरफ से इस कैंप का नाम सक्षम रखा गया है। आगे बताया कि रोटरी क्लब ऑफ कोलकाता प्रेसिडेंसी एवं महावीर सेवा सदन कोलकाता के सहयोग से इस नि:शुल्क अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिन लोगों के हाथ और पांव कट गए हैं, उन्हें कृत्रिम अंग प्रदान किया जाएगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में सभी प्रकार की जांच करने के उपरांत जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क यह कृत्रिम अंग दिया जाएगा। इस मौके पर आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, उपमेयर अभिजीत घटक, वशिमुल हक, एमएमआईसी गुरदास चटर्जी, रोटरी क्लब आफ आसनसोल ग्रेटर के सपन चौधरी, अमिताभ मुखर्जी, सुबीर राय सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT