सालानपुर : रूपनारायणपुर के शांतश्री पल्ली में सेवानिवृत कमांडेंट के घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। गिरफ्तार किए गए युवकों के नाम बिक्की बाउरी (20) रूपनारायणपुर निवासी तथा रॉबिन बाउरी (27) चित्तरंजन निवासी बताया जा रहा है। मालूम हो कि पिछले 27 जुलाई को चोरों ने बंद पड़े सेवानिवृत्त कमांडेंट सतीश चंद्र शर्मा के आवास से लाखों रुपये की संपत्ति ताला तोड़कर चुरा लिया था। इस घटना में पुलिस से लेकर सीआईडी फॉरेंसिक की टीम भी जांच में जुटी हुई थी। पुलिस ने मामले को चुनौती के रूप में लिया। सालानपुर थाना और रूपनारायणपुर फांड़ी की टीम ने लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों से पूछताछ की और गुप्त सूचनाओं पर कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद बिक्की ने कबूल किया कि वह इलाके में कई और घरों में चोरी कर चुका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिक्की पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। यह भी संभावना जताई गई है कि इस गिरोह में और लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है। दोनों को शुक्रवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। मामले के जांच अधिकारी ने उक्त चोरी गए गहने व पैसे की बरामदगी समेत मामले पर अपनी विशेष छानबीन करने का हवाला देते हुए अभियुक्त को पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। अदालत ने अभियुक्तों की जमानत अर्जी रद्दकर उन्हें 7 दिनों की रिमांड पर पुलिस के साथ भेज दिया। बताया जाता है कि 21 जुलाई से 27 जुलाई के बीच सालानपुर थाना अंतर्गत डाबर मोड़ इलाके के निवासी सतीश चंद्र शर्मा अमरनाथ गए थे। वहीं शिकायतकर्ता के वापस आने पर उन्होंने देखा कि किसी ने शिकायतकर्ता के घर में घुसकर वहां से सोने-चांदी के 17 लाख के गहने, 100 चांदी के सिक्के समेत 2 लाख रुपये नकद की भी चोरी कर ली है। फिलहाल पुलिस के स्तर से मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।