आसनसोल

सेल-आईएसपी में यूनियन के नाम पर नहीं चलेगी मनमानी

यूनियन पदाधिकारियों सहित सभी कर्मचारियों को देनी होगी पूरी हाजिरी

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के बर्नपुर स्थित इस्को स्टील प्लांट (ISP) में अब यूनियन करने वाले कर्मचारियों को भी फुल ड्यूटी करनी होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रबंधन अब बड़ा फैसला लेने जा रहा है कि ड्यूटी आवर्स में यूनियनबाजी के नाम पर मनमानी नहीं चलेगी। सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में संपन्न हुए यूनियन चुनाव में भारतीय मजदूर संघ (BMS) ने 66% वोटों के साथ बंपर जीत हासिल की है, जिसके बाद प्लांट में यूनियन गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच प्रबंधन ने अनुशासन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। प्रबंधन करने जा रहा है नया आदेश? प्लांट में कार्यरत जो भी कर्मचारी यूनियन पदाधिकारी हैं, उन्हें भी अपनी शिफ्ट की पूरी ड्यूटी करनी होगी। ड्यूटी के दौरान बिना अनुमति के यूनियन कार्यालय में बैठना या विभाग छोड़कर घूमना अनुशासनहीनता माना जाएगा। यूनियन कार्य के लिए प्रबंधन से पूर्व अनुमति लेनी होगी और उसका समय बाद में एडजस्ट करना होगा। वहीं प्रबंधन सूत्रों का कहना है कि प्लांट इन दिनों बड़े विस्तार की ओर बढ़ रहा है। SAIL-ISP के 4.08 MTPA विस्तार के लिए हाल ही में कई करोड़ प्लांट का ठेका भी साइन हुआ है और कुल 45,000 करोड़ की विस्तार योजना प्रस्तावित है, ऐसे में हर कर्मचारी की फुल ड्यूटी जरूरी है।

यूनियनों में चल रही अंदरूनी हलचल

प्रबंधन के द्वारा लिए जाने वाले इस फैसले को लेकर यूनियन खेमे में हलचल तेज है। कुछ यूनियनों का कहना है कि कर्मचारियों के हक की बात करना उनका अधिकार है, तो वहीं प्रबंधन का तर्क है कि उत्पादन और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। हाल में कोक ओवन बैटरी में हुए हादसे के बाद सेफ्टी को लेकर भी प्रबंधन पहले से ही सख्त है। फिलहाल सभी विभागों के HOD को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी-अपनी शिफ्ट में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें और रोजाना रिपोर्ट भेजें।

SCROLL FOR NEXT