संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान : ''आकवान'' के प्रभाव से पूर्व बर्दवान जिले में खेती को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिला कृषि विभाग के सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक ''आकवान'' के कारण हुई बारिश से जिले की लगभग 47 ग्राम पंचायतों के 386 मौजों में करीब 2,000 हेक्टेयर जमीन की खेती आंशिक रूप से प्रभावित हुई है। इनमें से खरीफ फसल: लगभग 1,800 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। आलू: लगभग 65 हेक्टेयर, सरसों: लगभग 20 हेक्टेयर, तिल: लगभग 5 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है।
शुक्रवार को दिनभर हुई बारिश के बाद शनिवार सुबह से बारिश भले ही थम गई हो, लेकिन मौसम का रुख अभी भी गंभीर बना हुआ है। जिला कृषि विभाग के सूत्रों से पता चला है कि पूरे जिले में मुख्य रूप से दक्षिण दामोदर क्षेत्र में सुगंधित धान की खेती होती है। इस वर्ष पूरे जिले में करीब 3 लाख 76 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती हुई है, जिसमें से सुगंधित धान का क्षेत्र लगभग 60 हजार हेक्टेयर है। जानकारी के अनुसार, जिले के दक्षिण दामोदर के रायना, खंडघोष के अलावा जमालपुर, मेमारी, भतार, औशग्राम, गलसी तथा कालना अनुमंडल क्षेत्र में किसान इस नुकसान की चपेट में आए हैं।
वर्तमान समय में पूरे जिले में छिटपुट रूप से धान कटाई का काम शुरू हो चुका है। ऐसी स्थिति में ''आकवान'' के इस प्रकोप ने किसानों की तैयार फसलों पर पानी फेर दिया है। केवल धान ही नहीं, बल्कि इस बारिश के कारण सब्जी की खेती में भी बड़े नुकसान की आशंका किसान जता रहे हैं।
बाजार में पहले ही नया आलू आना शुरू हो गया है। जिले के मेमारी, जमालपुर सहित कुछ इलाकों में किसान साल में दो बार आलू की खेती भी करते हैं, और ''आकवान'' की वजह से उस खेती में भी परेशानी खड़ी हो गई है। किसानों ने बताया कि बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं से सब्जी के खेतों को नुकसान पहुंचा है तथा कई फलदार पौधे नष्ट हो गए हैं। स्वाभाविक रूप से इसके चलते बाजार में सब्जियों के दाम भी बढ़ने लगे हैं।