बीरभूम : अनुब्रत मंडल को जिला अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस द्वारा शुक्रवार को जारी जिला अध्यक्षों और चेयर पर्सन की सूची में उनका नाम बीरभूम जिला अध्यक्ष के रूप में सूचीबद्ध नहीं है। सूची के अनुसार, नौ सदस्यीय कोर कमेटी जिले का संचालन करेगी। हालांकि अनुब्रत मंडल इस समिति में हैं पर जिला कमेटी अब नहीं है। हालांकि इस मुद्दे पर अनुब्रत मंडल कुछ भी कहना नहीं चाह रहे हैं। बता दें कि कोर कमेटी में आशीष बनर्जी को चेयरमैन बनाया गया है। वहीं सदस्य के रूप में अभिजीत सिन्हा, आशीष बनर्जी, बिकास रॉयचौधरी, चंद्रनाथ सिन्हा, काजल शेख और सुदीप्तो घोष हैं। सांसद भी इस समिति के 'पदेन' सदस्य हैं। समिति के सदस्यों में से एक आशीष बनर्जी को बीरभूम में पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। बता दें कि लंबे समय से पार्टी कार्यकर्ता रहे आशीष बनर्जी रामपुरहाट विधानसभा से विधायक हैं और विधानसभा में उपाध्यक्ष के पद पर आसीन हैं। जानकारी के अनुसार पार्टी नेत्री ममता बनर्जी ने बार-बार सख्त निर्देश दिए थे कि केस्टों को कोर कमेटी के साथ समन्वय बनाकर पार्टी चलानी होगी। बावजूद इसके अनुब्रत मंडल कोर कमेटी से बचते हुए काम कर रहे थे। उनके इस रवैये से जिला नेताओं के एक वर्ग में रोष बढ़ गया। पार्टी सूत्रों का दावा है कि सारी खबर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गई। इस बार पार्टी ने अनुब्रत मंड़ल को जिला अध्यक्ष पद से हटाकर कड़ा संदेश दिया है।