आद्रा : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आद्रा में वार्षिक दिवस समारोह का आयोजन शनिवार शाम बड़े धूम-धाम के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डीआरएम सह विद्यालय के चेयरमैन मुकेश गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान विद्यार्थियों ने समूह गीत, नृत्य, भगवान बिरसा मुंडा पर नाटक और कविता प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10 और 12 के विद्यालय टॉपर और स्पोर्ट्स में नेशनल स्तर तक जाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार भी दिया गया। इसके साथ ही प्रथम ग्रीन, दूसरे स्थान के लिए रेड और तृतीय स्थान के लिए ब्लू हाउस को शील्ड भी दिया गया। वहीं प्राचार्य कपिल सहगल ने मुख्य अतिथि डीआरएम मुकेश गुप्ता का सम्मान करते हुए वार्षिक संक्षिप्त रिपोर्ट को पेश किया। इस दौरान डीआरएम मुकेश गुप्ता ने भी विद्यालय के इस वार्षिकोत्सव और इसमें सहयोग करने वाले शिक्षकों की सराहना करते हुए केंद्रीय विद्यालय की प्रसंशा की। इस मौके पर एसईआरआरओ अध्यक्ष अंजू गुप्ता, सीनियर डीपीओ सह विद्यालय के नॉमिनी अध्यक्ष सीमा कुमारी, सीनियर डीसीएम विकास कुमार, सीनियर डीएमई आनंद कुमार सहित स्कूल के बच्चे, अभिभावक सह अन्य उपस्थित थे।