अंडाल: त्योहारी मौसम में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अंडाल थाना अंतर्गत उखड़ा बाजार में गुरुवार को विभाग की विशेष टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई से पूरे बाजार के दुकानदारों में दिनभर हड़कंप मचा रहा। जांच के दौरान कई दुकानों से सड़ी-गली और अमानक खाद्य सामग्री जब्त कर मौके पर ही नष्ट करवाई गई। वहीं मिठाइयों, कच्चे माल और पानी के नमूने सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
कारखानों की पड़ताल, पानी तक का लिया सैंपल
कार्रवाई की शुरुआत उखड़ा के बाजपेई मोड़ स्थित दो प्रतिष्ठित मिष्ठान भंडारों से हुई। जांच दल सीधे दुकानों के साथ-साथ उनके निर्माण कारखानों में जा पहुंचा। टीम ने मिठाइयों में प्रतिबंधित केमिकल, सिंथेटिक रंगों के इस्तेमाल और साफ-सफाई की गहन जांच की। मिठाइयों और कच्चे माल के अलावा पीने के पानी के भी सैंपल लिए गए।
केमिकल वाला मसाला और एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक्स मिले
इसके बाद टीम उखड़ा स्कूल मैदान के पास पहुंची। यहां एक फुचका (गोलगप्पा) स्टॉल पर गंभीर लापरवाही सामने आई। फुचके के पानी, मसाले और घुघनी में केमिकल युक्त अमानक रंगों की मिलावट थी और सामग्री बासी थी, जिसे अधिकारियों ने तुरंत नष्ट कराया। वहीं पास की एक अन्य मिठाई दुकान से सड़ा हुआ छेना केक और एक्सपायरी डेट पार कर चुके कोल्ड ड्रिंक्स बरामद कर नष्ट करवाए गए।
केवल चमक-दमक नहीं चलेगी, सख्त होगी कार्रवाई छापेमारी दल में शामिल अंडाल बीडीओ देवांजन दत्ता, महकमा डिप्टी मजिस्ट्रेट विश्वजीत घोष और स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को कड़ा संदेश दिया। बीडीओ देवांजन दत्ता ने कहा,"त्योहारी सीजन में दुकानों की बाहरी सजावट और चमक-दमक के पीछे यदि बासी या मिलावटी सामान परोसा गया, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता और मानकों पर कोई समझौता नहीं होगा।"