प्रदर्शन करते जाॅब कार्ड होल्डर्स  
आसनसोल

100 दिन के काम में 50 रुपये दिहाड़ी!

उखड़ा पंचायत में इंजीनियर का घेराव, पंचायत प्रधान के आश्वासन पर शांत हुए मजदूर

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल : रोजगार योजना के तहत कठिन परिश्रम से मिट्टी काटने का काम करने के बावजूद जॉब कार्ड होल्डर्स को महज 50 रुपये दैनिक मजदूरी मिलने के मामले ने सोमवार को उखड़ा ग्राम पंचायत परिसर में तूल पकड़ लिया। कम मजदूरी को लेकर भड़के मजदूरों ने पंचायत के इंजीनियर को घेरकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया और जवाबदेही मांगी। आरोप है कि इंजीनियर मजदूरों के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद मौके पर पहुंचीं पंचायत प्रधान के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।

मेहनत और मजदूरी में बेमेल अंतर से आक्रोश

प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि जहां घास काटने जैसे काम के लिए भी 200 रुपये रोजाना मिलते हैं, वहीं मिट्टी काटने जैसे पसीना बहाने वाले काम के एवज में सिर्फ 50 रुपये की दिहाड़ी किसी भी तरह न्यायसंगत नहीं है। जॉब कार्ड धारकों ने सवाल उठाया कि आखिर किस नियम, मापदंड या हिसाब-किताब के आधार पर यह राशि तय की गई है। उनका कहना है कि काम के स्वरूप और मेहनत के बीच यह भारी अंतर मजदूरों के हक के साथ खिलवाड़ है।

पंचायत प्रधान ने दिया जांच और न्याय का भरोसा

पंचायत परिसर में बढ़ते तनाव और मजदूरों के आक्रोश को देखते हुए उखड़ा ग्राम पंचायत की प्रधान मीना कोले ने मोर्चा संभाला। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत कराते हुए कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और संबंधित इंजीनियर से विस्तृत रिपोर्ट ली जाएगी। प्रधान ने भरोसा दिलाया कि किसी भी मजदूर को उसके हक की मजदूरी से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। इस ठोस आश्वासन के बाद मजदूरों ने अपना प्रदर्शन वापस ले लिया।

बड़ा सवाल: किस आधार पर तय हुई 50 रुपये की दर?

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर किन कारणों या तकनीकी खामियों के चलते मजदूरों की दैनिक मजदूरी 50 रुपये तय की गई। 100 दिन की रोजगार योजना के भुगतान को लेकर उठे इस विवाद ने पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रधान के आश्वासन के बाद मजदूरों को कब तक और कितनी उचित मजदूरी मिल पाती है।

SCROLL FOR NEXT