अंडाल: दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच अंडाल थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक धार्मिक स्थल को निशाना बनाया। दामोदर कॉलोनी के पश्चिम पल्ली स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर से अज्ञात चोर दान पेटी चुराकर फरार हो गए। त्योहार के मुहाने पर हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में नाराजगी का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, जब कुछ स्थानीय श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। मंदिर परिसर में स्थापित दान पेटी अपने स्थान से गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद जब पेटी नहीं मिली, तो तुरंत अन्य स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति के सदस्यों को सूचना दी गई। इसके बाद मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने अंडाल थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के रास्तों और संदिग्धों की पड़ताल की जा रही है। पेटी में कितनी राशि जमा थी, इसका सटीक आकलन अभी नहीं हो सका है।