संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: अंडाल थाना परिसर में ग्राम रक्षी वाहिनी की पहल पर आयोजित भव्य काली पूजा का उद्घाटन आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त (CP) डॉ प्रणव कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को काली पूजा और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए पर्व को आपसी प्रेम, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
उद्घाटन समारोह के मौके पर एक विशेष जन-कल्याण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसने इस आयोजन में सामाजिक सरोकार का एक अनूठा रंग भर दिया। कार्यक्रम के तहत इलाके के करीब 500 जरूरतमंद लोगों के बीच नए वस्त्र और कंबलों का वितरण किया गया, ताकि ठंड के मौसम में उन्हें राहत मिल सके। इसके साथ ही, लगभग 25 जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को गर्म कपड़े और स्कूल बैग उपहार स्वरूप दिए गए, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
इस अवसर पर DC (ईस्ट) रसप्रीत सिंह, ACP (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास, सीआई सुमन घोष समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच ऐसा तालमेल समाज में सकारात्मक बदलाव लाता है।