अंडाल: अंडाल ब्लॉक के खांद्रा ग्राम पंचायत अंतर्गत सिदुली स्थित 240 नंबर आईसीडीएस (ICDS) केंद्र में बच्चों के पोषण के लिए आवंटित चावल और दाल में कीड़े मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। नौनिहालों के भोजन में इस तरह की लापरवाही सामने आने के बाद से अभिभावकों में रोष और चिंता का माहौल है।
मामले की सूचना मिलते ही आसनसोल जिला भाजपा के मंडल-3 अध्यक्ष इंद्र सेन मौके पर पहुंचे। उन्होंने जब केंद्र की सहायिका से राशन में कीड़े होने को लेकर सवाल किया, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
सहायिका ज्योत्सना बाउरी ने बताया कि केंद्र की मुख्य संचालिका अक्सर अनुपस्थित रहती हैं, जिसके चलते केंद्र का सारा काम उन्हें ही संभालना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए आने वाले राशन की गुणवत्ता के संबंध में उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं होती। सहायिका ने यह भी दावा किया कि आज जैसे ही चावल और दाल में कीड़े दिखे, उन्होंने किसी भी बच्चे को वह भोजन नहीं परोसा।
भाजपा नेता इंद्र सेन ने कहा कि बच्चों के राशन में कीड़े मिलना अत्यंत गंभीर और आपराधिक लापरवाही है। पूरे मामले के साक्ष्य आईसीडीएस के उच्च अधिकारियों को सौंपे जाएंगे और इस बात की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी कि यह सड़ा राशन आपूर्ति कैसे हुआ।
इधर, पूरे मामले में केंद्र की मुख्य संचालिका से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। स्थानीय प्रशासन की ओर से भी अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में निगरानी व्यवस्था और पोषण अभियान पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।